12 साल के मासूम की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
ब्यूरो रिपोर्ट तारा शुक्ला सोनभद्र
सोनभद्र। एसओजी और पन्नूगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 12 वर्षीय बालक की हत्या की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 14 मार्च 2026 की रात लगभग 8:15 से 8:30 बजे के बीच थाना पन्नूगंज क्षेत्र के रामगढ़ कस्बे में एक बालक की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना पन्नूगंज पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान वादी शिव मूरत गुप्ता पुत्र तपेश्वरी निवासी कस्बा रामगढ़ ने बताया कि उनका नाती आर्यन गुप्ता उम्र 12 वर्ष पुत्र राजू गुप्ता अपने साथी राज चौहान के साथ खेलकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दिवाकर गुप्ता पुत्र गुलाब गुप्ता निवासी कसारी पोस्ट रामगढ़ थाना पन्नूगंज उम्र लगभग 20 वर्ष ने अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों बच्चों को पकड़ लिया और आर्यन गुप्ता का धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना पन्नूगंज में मुकदमा अपराध संख्या 48/2026 धारा 61(2), 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसओजी की कुल चार टीमें गठित की गईं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी दिवाकर गुप्ता को 15 मार्च 2026 को दोपहर 1:05 बजे पकरहट नहर पुलिया राकी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद चाकू भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके परिवार और वादी पक्ष के बीच मकान के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसके अलावा उसे यह भी शक था कि मृतक की मां द्वारा जादू-टोना किया जाता है, जिससे उनके परिवार में तनाव रहता था। लगभग 15 वर्ष पहले उसके भाई की जलकर हुई मौत को लेकर भी वह वादी पक्ष पर शक करता था। इन कारणों से क्षुब्ध होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह थाना पन्नूगंज, उपनिरीक्षक राजेश चौबे एसओजी व सर्विलांस प्रभारी, हेड कांस्टेबल सुशील सिंह, हेड कांस्टेबल सतीश सिंह पटेल, कांस्टेबल रितेश सिंह पटेल, कांस्टेबल अजीत कुमार, कांस्टेबल चालक अजीत यादव (एसओजी टीम)
Leave Comments
Login to leave a comment.