सकलडीहा में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर का जनसंवाद, समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश; SIR पर बोले—किसी पात्र मतदाता का नाम नहीं कटेगा
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली। सकलडीहा क्षेत्र में रविवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों से मुलाकात कर जनसंवाद किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं व आमजन ने किसान, युवा और संगठन से जुड़ी कई समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और स्पष्ट कहा कि किसी भी भाजपा कार्यकर्ता या आमजन का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनसंवाद के दौरान मंत्री ने किसानों की धान खरीद, खाद-पानी की उपलब्धता और अन्य मूलभूत समस्याओं पर गंभीरता से सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। आगामी कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए मंत्री अनिल राजभर ने 22 फरवरी को आजमगढ़ के माहुल कस्बा स्थित टिकुरिया पार्क में प्रस्तावित महासम्मेलन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। SIR मुद्दे पर मंत्री का बयान एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि निर्वाचन आयोग पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहा है और किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं काटा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल इस मुद्दे पर अनावश्यक भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे पूर्व भाजपा नेता राणा सिंह ने जिले की प्रमुख समस्याओं और चल रहे विकास कार्यों की जानकारी मंत्री को दी। बैठक में पिछड़ा आयोग के सदस्य शिवमंगल बियार सहित कई भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
Leave Comments
Login to leave a comment.